हाथरस : एक मतदान केंद्र पर लगी महिला मतदाताओं की लाइन।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पंचायत चुनाव में जमकर फर्जी मतदान हुआ। काफी वोटर जब वोट डालने बूथ पर पहुंचे तो उन्हें यही बताया गया कि उनका वोट तो डाला जा चुका है। इसे लेकर कई बूथों पर काफी हंगामा भी हुआ। घूंघट की ओट में भी फर्जी वोट डाले गए।
हाथरस जंक्शन निवासी रामू जब अपनी पत्नी के साथ वोट डालने गए तो उन्हें यह बताया गया कि उनका तो वोट डाला जा चुका है। इसी तरह की स्थिति गांव बिसावर में देखने को मिली। वहां भी फर्जी मतदान हुआ।
गांव ऐंहन में एक युवक को उस समय पकड़ लिया गया, जब वह महिलाओं के वेश में मतदान करने के लिए जाने का प्रयास कर रहा था। हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया। कई और स्थानों पर भी फर्जी मतदान करने वाले पकड़े गए। पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया।