हाथरस: सदर कोतवाली में कोतवाल से बात करते व्यापारी नेता।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
यूं तो लॉकडाउन में फैक्ट्रियों को बंद रखने के आदेश हैं, लेकिन शहर के मोहल्ला बालापट्टी में पुलिस ने एक फैक्ट्री से करीब 5 दर्जन से अधिक लोगों को काम करते हुए पकड़ लिया। इन सभी को पुलिस कोतवाली ले आई। पकड़े गए मजदूरों में कुछ नाबालिग भी हैं। इसके बाद कई व्यापारी नेता भी कोतवाली पहुंच गए। यह लोग इन मजदूरों को देर शाम वहां से छुड़ाने के प्रयास कर रहे थे।
कोतवाली सदर पुलिस को शनिवार की शाम को सूचना मिली कि शहर के बाला पट्टी में एक चुर्री की फैक्ट्री में लॉकडाउन के बाद भी काम हो रहा है। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस ने भारी पुलिस फोर्स के साथ फैक्टरी पर छापेमारी की। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। यहां से पांच दर्जन से अधिक लोगों को काम करते हुए पुलिस ने पकड़ा। जिनमें करीब एक दर्जन नाबालिग भी शामिल हैं।
सभी को पुलिस पकड़ कर कोतवाली ले आई। इस बात की जानकारी होते ही सीओ सदर रामशब्द यादव भी कोतवाली पहुंच गए। इधर जैसे ही इस मामले की जानकारी व्यापारी नेताओं को हुई तो कई व्यापारी नेता कोतवाली पहुंच गए। व्यापारियों और कोतवाल के बीच काफी तड़का- भड़की भी हुई। इस मामले में पुलिस और व्यापारियों के बीच समाचार लिखे जाने तक वार्ता चल रही थी।