न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पंचायतराज विभाग की संचालित योजनाओं की जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) सुबोध जोशी ने समस्त सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) पंचायत के साथ समीक्षा की। कचरा प्रबंधन में विकास खंड हाथरस, हसायन और मुरसान विकास खंड की प्रगति खराब होने पर नाराजगी जताई।
डीपीआरओ ने स्वच्छ शौचालय निर्माण के लिए अवशेष 125 लाभार्थियों को प्रथम किस्त की धनराशि का भुगतान किए जाने के लिए लाभार्थियों के सही खाता विवरण 20 जून तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 757 लाभार्थियों को द्वितीय किस्त की धनराशि का भुगतान किए जाने के लिए सचिव ग्राम पंचायत, एडीओ (पंचायत) एवं खंड विकास अधिकारी ने हस्ताक्षित मांग सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 32 सामुदायिक शौचालय की फीडिंग पीआरडी पोर्टल पर करने के निर्देश दिए।
एडीओ को निर्देश दिए गए कि जिन सचिव ग्राम पंचायत का स्थानांतरण हुआ है, वह अपनी तैनाती ग्राम पंचायतों का समस्त चार्ज नवीन सचिव ग्राम पंचायत को प्राप्त कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने 102 नवीन एवं जीर्ण शीर्ण पंचायत भवनों को जुलाई माह तक पूर्ण कराने एवं चार ग्राम पंचायत में जहां भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां भूमि दान से अथवा भूमि क्रय कर पंचायत घर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। 18 जून को शेष पूर्ण सचिवालयों का शुभारंभ किया जाना है। जहां पंचायत सहायकों की तैनाती है, उनकी ऑनलाइन उपस्थिति कराई जाए। जो पंचायत सहायक ई-अटेंडेंस नहीं लगा रहे अथवा कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं। उनकी सूची तैयार की जाए। संवाद