हाथरस : कस्वा महौ में बिजली न आने से परेशान दुकानदार। विज्ञप्ति
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस/मुरसान।
मंगलवार की सुबह मुरसान बिजलीघर पर केबल बक्सा में धमाका हो गया। इसी के साथ कस्बा मुरसान सहित आसपास के गांवों में बिजली संकट गहराया गया। सुबह से दोपहर तक बिजली गुल रही। बिना बिजली के लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि एक तरफ तो कोयले की कमी के कारण देहात में बिजली कटौती हो रही है। पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण लोग जरूरी कामकाज नहीं कर पा रहे हैं। मंगलवार की सुबह नौ बजे के करीब मथुरा रोड पर ब्रिज के पास 33 केवीए की लाइन में फॉल्ट हो गया। इसी के साथ मुरसान सबस्टेशन में केबल बक्सा में धमाका हो गया। इसी के साथ कस्बा मुरसान व आसपास के गांवों में बिजली गुल हो गई। दोपहर में बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस मामले में एक्सईएन नरेंद्र कुमार का कहना है कि मुरसान सबस्टेशन केबल बक्सा में धमाका हो गया। इस कारण सुबह नौ बजे करीब एक बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही है।
महौ में दुकानदारों ने जताया विरोध
हाथरस। हाथरस जंक्शन के कस्बा महौं में सोमवार की दोपहर को बिजली गुल हुई। जो मंगलवार की दोपहर को बारह बजे चालू हुई। इससे सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। कस्बे के दुकानदारों का कहना है कि यदि बिजली आपूर्ति सामान्य न हुई तो बाजार बंद कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। संवाद