संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात है। अब उनको अपनी समस्या दूर कराने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। हर सोमवार को बिजली कार्यालय में जनसुनवाई की जाएगी। इस दौरान प्रभावी ढंग से शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। प्रत्येक खंड में एक्सईएन सुबह दस से दोपहर बारह बजे तक और अधीक्षण अभियंता मंडल पर शाम तीन बजे से पांच बजे तक उपभोक्ताओं की शिकायत सुनकर उसका निस्तारण करेंगे।
जिले में 64 बिजलीघरों के जरिये दो लाख साठ हजार उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति की जाती है। बिजली विभाग में अधीनस्थों द्वारा काम में आए दिन हीलाहवाली के मामले प्रकाश में आते हैं। इस कारण उपभोक्ताओं को उपखंड कार्यालय व ओढ़पुरा बिजली कार्यालय के चक्कर काटने पड़ते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए अब बिजली दफ्तर में प्रत्येक सोमवार को जनसुनवाई की जाएगी। इस मामले में अधीक्षण अभियंता एमपी सिंह का कहना है कि शिकायतों की जनसुवाई हर सोमवार को की जाएगी।