न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में कनेक्शन कटने के बाद भी बड़ी संख्या में घर रोशन हो रहे हैं। अब अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर कटे हुए कनेक्शनों की अधीनस्थ पड़ताल कर रहे हैं। इनके खिलाफ बिजली की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) में लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व न मिलने के बाद अब अधिकारियों द्वारा बकायेदारों पर कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि जिले में बिजली महकमे का करीब 700 करोड़ रुपये का बकाया है। बिजली विभाग की टीम ने बकाया वसूलने के लिए कनेक्शन काटे। उसके बाद ओटीएस लागू हो गई। विभागीय अधिकारियों ने शहर, देहात कस्बा में बकाया वसूली के लिए शिविर भी लगाए। इसके बाद भी विभाग को बकाया हाथ नहीं लगा। अब विभागीय अधिकारियों के सामने यह आया है कि कनेक्शन कटने के बाद भी काफी संख्या में जिले में लोग बिजली जला रहे हैं। इससे महकमे को लाखों रुपये माह का नुकसान हो रहा है।
अब कनेक्शनों को काटने के लिए टीम द्वारा अधीनस्थों को पड़ताल करने के लिए कहा गया है, जो लोग कटे हुए कनेक्शनों पर बिजली जला रहे हैं। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। अधीक्षण अभियंता एमपी सिंह का कहना है कि जो कटे हुए कनेक्शन चल रहे हैं। उनकी जांच कराई जा रही है। उनके खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। संवाद