न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के करीब 300 मनरेगा कर्मचारियों के ईपीएफ के खातों में पिछले छह माह से ईपीएफ की धनराशि नहीं पहुंच सकी है। हालांकि शासन स्तर से यह धनराशि जिले स्तर पर पूर्व में भेजी जा चुकी है, लेकिन अभी तक यह धनराशि कर्मचारियों के खाते में नहीं भिजवाई गई है। इस कारण कर्मचारी परेशान हैं।
जिले में मनरेगा के तहत करीब 300 कर्मचारी कार्यरत हैं। इसमें अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी से लेकर रोजगार सेवक व कंप्यूटर ऑपरेटर भी शामिल हैं। इन सभी कार्मिकों के वेतन में से ईपीएफ की धनराशि की कटौती की जाती है, जोकि इनके ईपीएफ के खाते में भेजी जाती है।
इस वित्तीय वर्ष में अभी तक किसी भी कर्मचारी के खाते में ईपीएफ की धनराशि नहीं भेजी गई है, जबकि शासन स्तर से सभी कर्मचारियों के ईपीएफ की कटौती की धनराशि जिला स्तर पर भेज दी गई है। अधिकारियों की लापरवाही के चलते अभी तक यह धनराशि जिले के खाते में ही पड़ी है। सीडीओ आरबी भास्कर ने बताया कि पिछले दिनों कटौती कर ली गई है। अब जल्द ही सभी खातों में धनराशि पहुंच सकेगी। कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण धनराशि नहीं भेजी जा सकी थी।