हाथरस: एसडीएम सदर को अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपते मंडी समिति के आढ़तिया।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कृषि उत्पादन मंडी के बीच बनी मढ़ैया (घर) के निवासी मंडी समिति की दीवार को तोड़कर अतिक्रमण कर रहे हैं। इससे व्यापारियों में चोरी का डर है। इन लोगों ने दुकानों के पीछे मलबा और छप्पर आदि डालकर पशुपालन कर लिया है। शुक्रवार को आढ़ती एसोसिएशन द्वारा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट /सभापति प्रेम प्रकाश मीणा को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा है कि मंडी के बीचों-बीच मढ़ैया से व्यापारियों में चोरी का भय रहता है। इनके पशु मंडी में अंदर आकर किसान की उपज को नुकसान पहुंचाते हैं। किसान जब इन पशुओं को भगाते हैं तो यह लोग लड़ने को तैयार हो जाते हैं।
मंडी समिति की दुकान संख्या 21 -बी, से दुकान संख्या 28 -बी तक पीछे की साइड इन लोगों ने मलवा डालकर दुकानों के पीछे का रास्ता अवरुद्ध कर अपने पशुओं को छप्पर डालकर बांधना शुरू कर दिया है, जिससे व्यापारियों की दुकानों के अंदर बारिश व इनके घरों का पानी घुस जाता है और मंडी समिति की दुकानों को बड़ा नुकसान हो रहा है। ज्ञापन देने वालों में महामंत्री उमाशंकर वार्ष्णेय, प्रवीण वार्ष्णेय, नरेंद्र कुमार बंसल, राजेश कुमार, अमन बंसल, संजय कुमार वार्ष्णेय, अंकुर अग्रवाल, भोला शंकर शर्मा आदि थे।