संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
क्षेत्र के गांव नगला मानसहाय में सोमवार की सुबह करंट के चपेट में आने से संविदा कर्मी की मौत हो गई। कर्मी शट डाउन लेकर खंभे पर बिजली ठीक करने के लिए चढ़ा था। लाइन ठीक करने के दौरान ही बिना सूचना दिए बिजली चालू करने की वजह से यह हादसा हुआ। संविदा कर्मी की मौत से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने एसएसओ के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दी है।
महावतपुर निवासी हरप्रसाद का पुत्र चंद्रवीर सिंह (48) विद्युत सब स्टेशन एदलपुर पर संविदा कर्मी के रूप में कार्य करता है। सोमवार की सुबह वह क्षेत्र के गांव नगला मान सहाय में पूर्व प्रधान के नलकूप पर लगे खंभे से लाइन को दुरुस्त करने गया था।
इस दौरान संबंधित विद्युत उपकेंद्र से शट डाउन लिया गया था। लाइन पर काम करते समय विद्युत उप केंद्र प्रभारी ने बिना सूचना के कई बार आपूर्ति चालू कर दी गई। इस दौरान हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से चंद्रवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई तेजवीर सिंह ने कोतवाली में इसकी शिकायत की है।
ठेकेदार ने दिया दो लाख रुपये का मुआवजा
विद्युत ठेकेदार की ओर से पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये का मुआवजा भी दिया गया है। विद्युत विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को जल्द मुआवजा जाने का आश्वासन भी दिया है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।
जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम शिव सिंह का कहना है कि गांव नगला मान सहाय में खंभे पर काम करते समय करंट से संविदा कर्मी की मौत हो गई। पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये की मदद दिलवा दी गई है। इसके अलावा जो भी संभव होगा पीड़ित परिवार की मदद की जाएगी।