न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में बिजली चोरी का ग्राफ कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सादाबाद और सासनी में बिजली चोरी में इजाफा हो गया है। हालांकि शहर में दो प्रतिशत बिजली चोरी कम हुई है। निगम स्तर से अधिकारियों की क्लास लग चुकी है, इसलिए अब शहर से देहात तक सघन चेकिंग अभियान चलेगा। अधीक्षण अभियंता ने सभी अधिशासी अभियंताओं को बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि जिले में जर्जर लाइनों का फायदा सीधे बिजली चोर उठा रहे हैं। इस कारण हर माह विभाग को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। लगातार वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये लाइन हानियों की निगरानी की जा रही है। शहर में पहले 30 प्रतिशत बिजली चोरी हो रही थी। वर्तमान में यह 28 प्रतिशत हो गई है। सादाबाद में 36 प्रतिशत से बढ़कर 46 प्रतिशत बिजली चोरी हो गई है।
द्वितीय खंड में बिजली चोरी बढ़ी है। इसके अलावा सासनी और सिकंदराराऊ में बिजली चोरी 15 से 24 प्रतिशत बिजली चोरी हो रही है। निगम मुख्यालय से फटकार लगने के बाद अधिकारी अब बिजली चोरों से सख्ती से निपटने की तैयारी में जुट गए हैं। अधीक्षण अभियंता एमपी सिंह ने कहा कि सादाबाद व सासनी खंड में बिजली चोरी बढ़ी है। हाथरस में दो प्रतिशत बिजली चोरी का ग्राफ गिरा है। संवाद