सादाबाद: हत्या के बाद मौके पर पहुंचे सीओ घटना की जानकारी लेते हुए।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)।
क्षेत्र के गांव नगला घनी में शुक्रवार की शाम को जमीन विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की पत्नी की फावड़े से प्रहार कर हत्या कर दी। छोटे भाई का आरोप है कि उसने अपने हिस्से की जमीन बड़े भाई से मांगी तो इसी बात से वह खफा हो गया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली में दी तहरीर में गांव नगला घनी निवासी धीरज पुत्र भूरी सिंह ने बताया कि जब उसने अपने हिस्से की जमीन अपने बड़े भाई से मांगी तो इसी बात को लेकर उन दोनों में विवाद हो गया। उसका भाई घर से फावड़ा निकाल लाया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। तभी उसकी 24 वर्षीय पत्नी पूजा उसे बचाने आई तो उसे उसकी भाभी ने पकड़ लिया।
उसके भाई ने जान से मारने की नीयत से पूजा के सिर में फावड़ा मार दिया, जिससे वह मौके पर ही गिर गई और उसने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना पर बिसावर चौकी इंचार्ज सतीशचंद्र, कोतवाल डीके सिसौदिया, एएसपी प्रकाश कुमार भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अफसरों ने मृतक महिला के पति और अन्य ग्रामीणों से घटना के संबंध में पूछताछ की।
दोनों भाइयों के बीच कुछ दिनों से जमीन का विवाद चल रहा था। इसी विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की पत्नी की फावड़ा से मारकर हत्या कर दी। इस मामले में तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। - प्रकाश कुमार, एएसपी