न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
क्षेत्र के गांव सुरतिया में एक परिवार सहित आठ लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। इन्हें स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिकंदराराऊ के कोविड-वन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि सुरतिया गांव के एक रिटायर फौजी की कुछ दिन पहले अचानक तबियत खराब हो गई थी। इन्हें आगरा के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
हॉस्पिटल में उपचार के दौरान उनकी कोरोना जांच की गई, जिसमें वह संक्रमित निकले थे। शनिवार की देर रात को मुरसान के स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा सिकंदराराऊ के कोविड-वन हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया था।
रिटायर फौजी के भर्ती होने के बाद मुरसान स्वास्थ्य विभाग टीम द्वारा गांव सुरतिया में लोगों की एंटीजन किट द्वारा कोरोना जांच की गई, जिसमें फौजी के परिवार सहित सात लोग और संक्रमित बताए जा रहे हैं। इन्हें रविवार की शाम को सिकंदराराऊ के कोविड-वन हॉस्पिटल में भर्ती कराने लेे जाया गया है।