न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लगातार दूसरे वर्ष अक्षय तृतीया जैसे खास मौके पर कोरोना का साया मंडरा रहा है। अक्षय तृतीया के मौके पर सोने की खरीदारी को काफी शुभ माना जाता है, लेकिन इस बार कोरोना कर्फ्यू के चलते सराफा बाजार की 200 दुकानों पर ताले लटके हुए हैं। ऐसे में लोग इस बार भी त्योहार के मौके पर सोने की खरीद की यह रस्म पूरी नहीं कर पाएंगे। इस कारण सराफा बाजार में भी लाखों रुपये का कारोबार प्रभावित होगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार सराफा कारोबारी भी अक्षय तृतीया के लिए कोई खास तैयार नहीं कर रहे हैं।
सराफा बाजार के अलावा रीयल एस्टेट, ऑटोमोबाइल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स आदि सेक्टरों में भी अक्षय तृतीया के मौके पर जमकर कारोबार होते हैं। अक्षय तृतीया पर विवाह मुहूर्त भी अच्छा होता है, इसलिए इन चीजों की और भी ज्यादा खरीदारी होती है, लेकिन इस बार कारोबारियों के लिए यह मौका बेकार ही जाएगा।
शादियों में होंगे सिर्फ 20 लोग शामिल
कोरोना कर्फ्यू में शादियाें में मेहमानों की संख्या पर पाबंदी से गेस्ट हाउस और मैरिज होम संचालक खासे परेशान हैं। शासन ने शादियों में दोनों तरफ से 20 लोगों की अनुमति ही दी है। इनमें टेंट, लाइट, डेकोरेशन, क्रॉकरी, हलवाई के अलावा अन्य कारोबार से जुड़े लोगों की संख्या भी इससे ज्यादा होती है। ऐसे में इतनी कम संख्या पर शादी करना संभव नहीं है, इसलिए ज्यादातर लोग शादियों को फिलहाल टाल रहे हैं।