न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पंचायत चुनाव को देखते हुए ग्राम पंचायतों में ऑडिट की प्रक्रिया पूरी किए जाने के निर्देेश दिए गए हैं। डीपीआरओ ने सभी एडीओ पंचायत से कहा है कि ग्राम प्रधानों को अदेय प्रमाण पत्र उसी दशा में दिया जाए, जब सभी लंबित गबन आदि के मामलों का निस्तारण व धनराशि जमा करा ली जाए। इस मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शासन स्तर से सभी ग्राम पंचायतों में शत प्रतिशत ऑडिट कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस क्रम में डीपीआरओ ने सभी एडीओ पंचायत को निर्देश देते हुए कहा है कि ग्राम प्रधान और सचिव अपने कार्यकाल के दौरान प्रत्येक वर्ष का लेखा परीक्षा करा लें। यदि ग्राम प्रधान व सचिव पर ऑडिटर द्वारा कोई धनराशि निकाली जाती है तो उसे तत्काल जमा करा लें।
ग्राम पंचायत के प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अदेय प्रमाण पत्र तभी दिया जाए जब प्रधान द्वारा इस आशय का लिखित प्रमाण पत्र ले लिया जाए कि उसके कार्यकाल के दौरान किसी वर्ष का लेखा परीक्षा लंबित नहीं है और कोई भी अधिभार की आरोपित धनराशि वसूली अवशेष नहीं है।