न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)।
एक अगस्त को आगरा रोड पर गांव सीस्ता के निकट कार चालक बदहवास अवस्था में मिला था। दो अज्ञात शातिर बदमाश कार चालक को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर कार ले जाने में सफल रहे। इस मामले में कार मालिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजस्थान के भरतपुर जिले के सहयोग नगर निवासी मुंशीलाल पुत्र राम सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि 31 जुलाई को उसका चालक उसकी अर्टिगा कार आरजे 05 यु- 9674 सफेद रंग को कानपुर जाने के लिए मांग कर ले गया था। अगले दिन चालक के बेटे मोहम्मद अनस ने फोन करके सूचना दी कि कुछ लोग उसके पिता को नशीला पदार्थ पिलाकर कार ले गए हैं। मुंशीलाल मोहम्मद अनस के साथ सीस्ता पहुंचा। यहां कार चालक अचेत अवस्था में मिला था।
होश आने पर कार चालक ने बताया कि भरतपुर से कानपुर जाते समय भरतपुर के निकट ही दो अज्ञात व्यक्ति आगरा जाने के लिए उसकी कार में सवार हुए थे। रुपयों के लालच में उसने दोनों अज्ञात व्यक्तियों को कार में बिठा लिया। रास्ते में उन्होंने उसे कोल्ड ड्रिंक पिला दी। भगवान टॉकीज आगरा पहुंचने के बाद शातिर ने टेड़ी बगिया पर रिश्तेदार से मिलने का बहाना बनाया।
यहां एक शातिर बहाना बनाकर कार से उतर कर चला गया। टेढ़ी बगिया के निकट कार में बैठे दूसरे शातिर ने एक बार फिर कार चालक को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद कार चालक बेहोश हो गया। इसके बाद दोनों शातिर कार लेकर फरार हो गए। कार में मोबाइल, करीब 6000 और जरूरी कागजात रखे थे। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। संवाद