न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लंबे समय से भाजपाइयों के निशाने पर चल रहे सीएमओ डॉ. बृजेश राठौर का शासन ने तबादला कर दिया है। उन्हें अब संयुक्त निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सहारनपुर मंडल बनाया गया है। उनके स्थान पर अब पीलीभीत के एसीएमओ डॉ. चंद्रमोहन चतुर्वेदी को अब हाथरस का नया सीएमओ बनाया गया है। सीएमओ की लगातार भाजपा नेता व कई जनप्रतिनिधि लगातार शिकायत कर रहे थे।
नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था और साथ ही डीएम से भी सीएमओ की शिकायत की थी। उन्होंने सीएमओ को हटाने की जोर-शोर से मांग की थी। क्षेत्रीय विधायक हरीशंकर माहौर और भाजपा शहर अध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने भी सीएम को पत्र लिखकर उनकी शिकायत की थी। अन्य कई जनप्रतिनिधियों ने भी उनके तबादले की मांग की थी। भाजपाइयों का आरोप था कि सीएमओ ने न तो वेंटिलेटर चालू कराए और न ही अन्य संसाधन। कोविड मरीजों को इलाज के नाम पर यहां से रेफर किया जा रहा है।
सीएमओ ने कर रखी थी हद दर्जे की लापरवाही : विधायक
हाथरस। क्षेत्रीय विधायक हरीशंकर माहौर का कहना है कि सीएमओ डॉ. राठौर ने हद दर्जे की लापरवाही कर रखी थी। उन्होंने बताया कि बुधवार को सुबह भी उन्होंने सीएम के यहां सीएमओ की शिकायत की थी। सीएमओ ने यहां कुछ नर्सिग होम संचालकों को बढ़ावा दे रखा था। जिला अस्पताल रेफर सेंटर में तब्दील हो गया। मरीजों को सरकारी अस्पतालों में भरती तक नहीं किया जा रहा था। विधायक का कहना है कि हाल में ही जब उन्होंने सीएमओ से यह पूछा था कि आखिर किन मरीजों को वेंटिलेटर उपलब्ध करा दिए गए हैं। किन्हें रेमेडिसिविर इंजेक्शन लगें हैं, उनके नाम बताएं और नंबर उपलब्ध कराएं तो सीएमओ उन्हें न मरीजों के नाम उपलब्ध करा पाए और फोन नंबर। सीएमओ की लगातार शिकायतें मिल रही थीं और इसके चलते ही उन्हें शासन ने हटाया है।