न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एक ग्राम विकास अधिकारी ने दो लाख रुपये से ज्यादा की धनराशि की भुगतान ग्राम सचिवालय में स्थापित कंप्यूटर से न करके अन्य माध्यम से कर दिया। भुगतान न करने की बात निदेशालय स्तर पर की गई समीक्षा में सामने आई। अब ग्राम पंचायत अधिकारी को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) सुबोध जोशी ने ग्राम विकास अधिकारी मीनू बघेल को दिए नोटिस में कहा है कि निदेशालय स्तर पर की गई समीक्षा में यह बात उजागर हुई है कि ग्राम पंचायत गिनौली किशनपुर में नौ अक्तूबर को 2,22,851 रुपये की धनराशि का भुगतान ग्राम सचिवालय से न करके अन्य कहीं से किया गया है।
इस भुगतान की प्रक्रिया सचिवालय में स्थापित कंप्यूटर के पंचायत गेट वे से करने के लिए निर्देशित किया गया था। डीपीआरओ ने इसे लापरवाही मानते हुए ग्राम पंचायत अधिकारी से नौ नवंबर तक आख्या मांगी है। यह भी कहा है कि संतोषजनक आख्या न देने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद