लाइन शिफ्टिंग की धीमी गति पर डीएम ने जताई नाराजगी
डीएम ने विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की। तालाब चौराहे पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के दौरान लाइन शिफ्टिंग के लिए खुदाई की धीमी प्रगति और आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान की प्रगति कम होने पर नाराजगी व्यक्त की।
आईजीआरएस पोर्टल पर डिफॉल्टर तथा लंबित संदर्भों की संख्या अधिक होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। डिफॉल्टर और लंबित प्रकरण को समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। डीएम ने 50 लाख से अधिक के हो रहे निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। राजकीय विद्यालय कुरसंडा के निर्माण के बारे में जानकारी ली। कार्यदायी संस्था द्वारा अवगत कराया गया कि माह के अंत तक कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा।
उन्होंने तालाब चौराहे पर निर्माण किए जा रहे ओवरब्रिज कि विद्युत लाइन डाले जाने के बारे में जानकारी ली। कार्य की प्रगति धीमी होने पर डीएम द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए तथा खुदाई से निकलने वाले मलबे को एक किनारे डालने के निर्देश दिए, जिससे यातायात में असुविधा नहीं हो। डीपीओ को आंगनबाड़ी के भवनों का निर्माण कार्य तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि कार्यदायी संस्थाओं द्वारा समय से कार्य को पूर्ण नहीं किया जा रहा है तो उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को ब्लैक लिस्टेड करने के निर्देश दिए। संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और आशा के भुगतान की प्रगति कम होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए डीएम ने सीएमओ को प्रगति सुधारने के निर्देश दिए। किसान बीमा योजना तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड की प्रगति धीमी होने पर नाराजगी जाहिर करते हुए समय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने वृद्धा, विधवा, विकलांग के लंबित आवेदनों की संख्या अधिक होने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पेयजल योजना के तहत दिये जाने वाले कनेक्शनों की स्थित खराब होने पर नाराजगी जाहिर की।