न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित जिला स्वास्थ्य समिति के कामों का डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने जायजा लिया। डीएम ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत लंबित प्रकरण में हसायन, महौ, मुरसान, सादाबाद, सासनी, सहपऊ, सिकंदराराऊ और हाथरस शहर में कामों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई।
बैठक में एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार ने जेएसवाई की प्रगति की जानकारी दी। सासनी और मुरसान में प्रगति कम होने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए इसमें सुधार लाने के निर्देश दिए। डीएम ने आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान के बारे में जानकारी ली। सादाबाद और हसायन में आशा को कम भुगतान होने पर डीएम ने नाराजगी जताई और प्राथमिकता पर इनका भुगतान कराने के निर्देश दिए।
आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना 58,848, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना 11,512, योजना में कुल लाभार्थी 70,360, कुल उपचारित मरीजों की संख्या 3,632, जिले में बनाए गोल्डन कार्ड 69,151 और भुगतान किए गए लाभार्थियों की संख्या 2,920 है। टीकाकरण में सिकंदराराऊ, सासनी और सहपऊ की प्रगति लक्ष्य के सापेक्ष कम होने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए जिले में संचालित किए जा रहे टीकाकरण कार्यक्रम में तेजी लाने की निर्देश दिए।