न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अमृत योजना के तहत तालाब चौराहे पर स्थित प्राचीन तालाब के सौंदर्यीकरण के कार्य का जिलाधिकारी रमेश रंजन ने औचक निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की प्रगति धीमी होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिक लोगों को लगाते हुए काम में तेजी लाने एवं शेष कार्य को निर्धारित समय के अनुसार पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जांच के समय यदि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी पाई जाती है तो कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने अधिशासी अभियंता जल निगम आरके शर्मा को अवशेष कार्य को समय से पूर्ण करने के उद्देश्य सेे कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
प्रत्येक निर्माण कार्य के लिए अलग अलग चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्य के अंतर्गत आने वाले कार्यों को अलग-अलग विभक्त करते हुए प्रत्येक कार्य के लिए अलग-अलग मैन पवार लगाकर कार्य कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता हो तो दो शिफ्ट में कार्य कराना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर नगर पालिका के अध्यक्ष आशीष शर्मा, उप जिलाधिकारी सदर अंजलि गंगवार, ईओ नगर पालिका हाथरस डॉ. विवेकानंद, शीतल प्रसाद शर्मा आदि मौजूद थे।