न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नगर विकास विभाग के स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय), कर-करेत्तर, विकास कार्यों तथा नगरी निकाय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की डीएम रमेश रंजन ने समीक्षा की। डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायतों को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत राजस्व वसूली करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अमृत योजना के तहत नगर पालिका हाथरस में चल रहे पार्कों के सौन्दर्यीकरण के कार्य की प्रगति संतोषजनक न होने पर नाराजगी जताई।
डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायतों को सभी वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के तहत गीला एवं सूखे कूड़े को अलग-अलग एकत्र कराने एवं डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का निरीक्षण करने एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत एकत्र किए गए कूड़े के निस्तारण के लिए कम्पोजिट मशीन लगाने के निर्देश दिए। वर्षा प्रारंभ होने से पूर्व शहर के प्रमुख नालों एवं नालियों को तत्काल साफ कराने के निर्देश दिए।
सार्वजनिक स्थानों पर बनाए जाने वाले शौचालय की प्रगति निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कम होने पर डीएम ने अवशेष सभी शौचालयों को तत्काल बनवाने के निर्देश दिए। नगरीय निकायों में 14 एवं 15वें वित्त आयोग के तहत कराए जाने वाले निर्माण कार्य एवं निर्माण कार्यों का भुगतान लंबित होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। अवैध कब्जे को तत्काल कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए।