गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों के लिए प्रशासन ने खींचा खाका
डीएम ने सभी अधिकारियों को दिए तैयारियोें को पूरा करने के निर्देश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। जिला प्रशासन ने गणतंत्र दिवस पर होने वाले आयोजनों को लेकर खाका खींच दिया है। जनपद के समस्त कार्यालय अध्यक्षों द्वारा अपने कार्यालयों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर राष्ट्रगान को संगीत गायन के साथ राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राएं प्रस्तुत करेंगी। तहसीलदार सदर छात्राओं को लाने और ले जाने के लिए वाहन आदि की व्यवस्था करेंगे।
प्रभारी अधिकारी नजारत को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को कलेक्ट्रेट में बुलाकर सम्मानित करने किए जाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। सुबह 7.32 बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और कारगिल शहीद की आश्रित पत्नियों का सम्मान, 8.34 बजे एनसीसी बैंड, प्राइमरी स्कूल जवानों का मार्च पास्ट, 8.40 बजे से अधिवक्ताओं, अधिकारियों, समाजसेवी और कर्मचारियों के द्वारा सैन्य बलों के बलिदान को नमन करते हुए देश भक्तों के जीवन के प्रकाश डाला जाएगा। 9.15 बजे से डीएम पुलिस लाइन के लिए रवाना होंगे।
9.30 बजे पुलिस लाइन में ध्वजारोहण करने के उपरांत पुलिस परेड की सलामी ली जाएगी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस क्रम में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 3.30 बजे से शहर में स्वच्छता मिशन, जल निगम, कृषि विभाग, जिला उद्यान विभाग, शिक्षा विभाग, आंगनबाड़ी कार्यक्रम आदि विभागों की योजनाओं की झांकियां निकाली जाएंगी।