न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिजली महकमे में हाल ही में काम शुरू करने वाली नई बिलिंग एजेंसी के कर्मियों के साथ बृहस्पतिवार को अधीक्षण अभियंता (एसई) ने बैठक की। एसई ने साफ शब्दों में कहा कि बिलिंग में गड़बड़ी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ताओं को समय से बिल पहुंचाएं। बिलिंग एजेंसी को प्रो बिलिंग में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों एसई जगतराम ने शहर में एक मीटर की जांच की। इसमें रीडिंग स्टोर मिली। इसके बाद बिजली महकमे के अफसर सख्ती के मूड में हैं। बृहस्पतिवार को बिलिंग एजेंसी के सुपरवाइजरों से एसई ने बिलिंग का हाल जाना। उन्होंने कहा कि प्रो बिलिंग अधिक से अधिक की जाए, क्योंकि प्रो बिलिंग में मीटर में लीड लगाकर बिलिंग की जाती है, जिससे वास्तविक रीडिंग सामने आती है।
मीटर रीडर इस बिलिंग को करने से कतराते हैं। एसई ने कहा कि इन दिनों एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) चल रही है। लोगों को अधिक से अधिक बिल दिए जाएं, ताकि लोग समय से बिल जमा कर ओटीएस का लाभ ले सकें। उन्होंने मीटर रीडरों को बिल जमा करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए। संवाद