न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पंचायत चुनाव में संगठित ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों के डिजिटल हस्ताक्षरों को पंचायतराज विभाग की ओर से ई ग्राम स्वराज व पीएफएमएस पोर्टल पर अपलोड करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं ग्राम पंचायतों में तैनात प्रशासकों की डीएससीई ग्राम स्वराज / पीएफएमएस पर अनरजिस्टर्ड किए जाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। अब जल्द ही ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों के हस्ताक्षर से वित्तीय आहरण शुरू हो सकेगा।
पंचायत निर्वाचन से पहले ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों के वित्तीय अधिकारी समाप्त होने के बाद ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के संचालन के लिए प्रशासकों को नामित किया गया था। अब पंचायत निर्वाचन में संघटित ग्राम पंचायतों के 201 ग्राम प्रधानों को वित्तीय अधिकार मुहैया कराने के लिए विभाग से कार्यवाही शुरू कर दी गई है। संगठित ग्राम पंचायतों के प्रधानों द्वारा शपथ ग्रहण किए जाने वाली ग्राम पंचायतों पर पूर्व से नामित प्रशासकों के डीएससी अनरजिस्टर किए जाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इन निर्देशों के क्रम में विभाग की ओर से कार्यवाही शुरू कर दी गई है। वहीं नवनिर्वाचित शपथ ग्रहण करने वाले समस्त ग्राम प्रधानों का विवरण उनकी संबंधित ग्राम पंचायतों के समस्त संचालित खातों में अंकित कराते हुए उनकी डीएससी ई-ग्राम स्वराज पोर्टल व पीएफएमएस पर रजिस्टर्ड कराए जा रहे हैं। जनपद की समस्त संगठित ग्राम पंचायतों में नव निर्वाचित शपथ ग्रहण करने वाले ग्राम प्रधानों का विवरण भी संबंधित पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है।