हाथरस : सहपऊ के मतदान केंद्र पर वोट डालने आए लोग पर्चियां दिखाते हुए। संवाद
- फोटो : SHAPHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो गई। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 39 प्रत्याशियों का भाग्य इलेक्ट्रानिक्स वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कैद हो गया। देर रात तक एमजी पॉलीटेक्निक में पोलिंग पार्टियों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहुंचाया गया और ईवीएम को जमा करने की कार्रवाई की गई। यहां हाथरस विधानसभा क्षेत्र से 14, सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से 13 और सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र से 12 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। अब 10 मार्च को एमजी पॉलीटेक्निक परिसर में ही मतगणना के बाद प्रत्याशी के भाग्य का फैसला होगा।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में तीसरे चरण की मतदान प्रक्रिया पूरी हुई। चुनाव आयोग की ओर से इस बार मतदान के लिए एक घंटे का समय बढ़ाया गया था। इस कारण शाम छह बजे तक मतदान चला। वहीं कुछ बूथों पर मतदाताओं के बूथों पर अंदर होने के कारण छह बजे के बाद तक मतदान चलता रहा। इस कारण मतदान कार्मिकों को ईवीएम, वीवीपैट सहित अन्य दस्तावेजों को सील करने में अतिरिक्त समय भी लगा।
देर शाम से एमजी पॉलीटेक्निक परिसर में वाहनों से पोलिंग पार्टियों का पहुंचना शुरू हो गया। यहां एमजी पॉलीटेक्निक परिसर में ईवीएम और अन्य दस्तावेजों को जमा करने के लिए विधानसभा क्षेत्र वार कार्मिकों को तैनात किया गया था। दूसरी ओर प्रेक्षकों के साथ डीएम रमेश रंजन व एसपी विनीत जायसवाल ने ईवीएम जमा होने की कार्यवाही का निरीक्षण किया। डीएम ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को मुस्तैदी के साथ ईवीएम सुरक्षा संबंधी निर्देश भी दिए। संवाद