हाथरस: जिला कारागार के लिए भूमि का सीमांकन करती राजस्व विभाग की टीम व अन्य।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में अब जल्द ही जिला कारागार का निर्माण शुरू हो सकेगा। बृहस्पतिवार को राजस्व विभाग की टीम ने अधिग्रहीत भूमि की पैमाइश कर सीमाओं का निर्धारण किया गया। इस दौरान डिप्टी जेल अधीक्षक को भूमि पर कब्जा दिलाया। डिप्टी जेल अधीक्षक ने सीमाओं पर गड्ढे खोदवाकर चिह्नांकन की कार्यवाही पूरी की।
उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देश पर जिले में जिला कारागार के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही की गई थी। जिला प्रशासन ने नगला बीछिया के निकट 25.491 हेक्टेयर भूमि को चिन्हित था। शासन से बजट मिलने के बाद सभी किसानों से इस भूमि का बैनामा जेल प्रशासन के नाम कराया गया है। अब शासन स्तर से निर्माण के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इस क्रम में बृहस्पतिवार को डिप्टी जेल अधीक्षक की निगरानी में राजस्व टीम ने निर्धारित भूमि की पैमाइश कर सीमांकन किया। भूमि का निर्धारण कर गड्ढों की खुदाई कर खंभे लगाए गए। तहसीलदार प्रवीण वार्ष्णेय ने बताया कि भूमि का चिह्नांकन कर दिया गया है। निर्माण की कार्यवाही जेल अधीक्षक व उच्चाधिकारियों के निर्देशन में होगी। इस मौके पर राजस्व टीम में संतोष राजौरिया, धर्मेंद्र शर्मा, डालचंद्र, बलवीर सिंह, नरेंद्र तिवारी, अजय कुमार आदि मौजूद थे।