भविष्य निधि की सुरक्षा के लिए जारी करें नोटिफिकेशन
राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के तहत अवर अभियंताओं और कार्मिकों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस मौके पर डीएम को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ऊर्जा क्षेत्र में भविष्य निधि के असुरक्षित निवेश के कारण उत्पन्न सकंटपूर्ण स्थिति के समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के विभिन्न ऊर्जा निगमों में कार्यरत अवर अभियंताओं, प्रोन्नत अभियंताओं, समस्त कार्मिकों के सामान्य भविष्य निधि, अंशदायी भविष्य निधि के जमा धन को ट्रस्ट के नियमों से विचलन कर दीवान हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड में निवेश कर दिया गया है। वर्तमान में दीवान हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड दीवालिया होने के कगार पर पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश पावर सेक्टर के कार्मिकों के भविष्य निधि के लगभग 2200 करोड़ रुपये फंस चुके हैं, जिससे जेई, प्रोन्नत जेई और कार्मिकों को भविष्य अंधकारमय हो गया है।
भविष्य निधि पर बच्चों की शिक्षा, शादी समारोह, सेवानिवृत्ति उपरांत बुढ़ापे में जीवन यापन पर धन की व्यवस्था आदि कार्य निर्भर रहते हैं। ऐसे में भविष्य निधि के इस घोटाले से कार्मिक बेहद चिंतित और आक्रोशित हैं। वक्ताओं ने कहा कि खेद का विषय है कि संगठन की मांग पर ऊर्जा प्रबंधन द्वारा समुचित कार्रवाई नहीं की गई है। संगठन ने मांग की है कि उत्तर प्रदेश ऊर्जा निगम में कार्यरत कार्मिकों के जीपीएफ एवं सीपीएफ ट्रस्ट में धनराशि की गई कटौती के विरुद्ध उनके देयक राशि की सुरक्षा की गारंटी दिए जाने के लिए गजट नोटिफिकेशन जारी करें। इस मौकै अध्यक्ष शेर सिंह, सचिव कौशल गुप्ता सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।