हाथरस: किशोर की मौत के बार परिवार वालों से जानकारी लेते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट के गांव नयाबांस में एक किशोर की मौत बुखार से हो गई। जिसे लेकर किसी ने पुलिस को आत्महत्या की सूचना दे दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने जानकारी दी, जिस पर पुलिस वापस लौट गई।
गांव नयाबांस निवासी प्रेमसिंह के बेटे बंटी (15 वर्ष) को कई दिनों से बुखार आ रहा था। उसका किसी निजी डॉक्टर के यहां परिजनों ने इलाज भी कराया। लेकिन कई दिनों के बुखार के चलते उसकी सोमवार की सुबह मौत हो गई। जबकि गांव के किसी व्यक्ति ने पुलिस को फोन पर यह सूचना दे दी कि किशोर ने आत्महत्या कर ली है।
जिस पर एसएचओ मनोज कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। परिजनों से जानकारी ली तो उन्होंने बंटी की मौत कई दिनों से बीमार होने के कारण होना बताया। इस पर पुलिस वापस लौट गई और फिर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।