न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बिटिया के परिवार की सुरक्षा का जिम्मा अब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने संभाल लिया है। रविवार को सीआरपीएफ की टीम ने बिटिया के घर पहुंचकर इसके आसपास के इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। प्लाटून कमांडर सहित सीआरपीएफ के 80 जवान बिटिया के परिवार की सुरक्षा करेंगे। यह जवान तीन शिफ्टों में परिवार की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहेंगे।
अब तक बिटिया के गांव में सुरक्षा के लिए पुलिस बल और पीएसी तैनात थी। बिटिया के पूरे घर पर पुलिस प्रशासन की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे और आने-जाने वालों की जांच के लिए मेटल डिटेक्टर भी लगवाया गया था। परिवार के सभी सदस्यों को भी पुलिस की सुरक्षा मुहैया कराई गई थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर रविवार को सीआरपीएफ ने बिटिया के परिवार के सदस्यों की सुरक्षा का जिम्मा संभाल लिया। सीआरपीएफ की 239 वीं बटालियन के 80 जवान यहां बिटिया के परिवार के सदस्यों की सुरक्षा में तैनात रहेेंगे।
सीआरपीएफ के कमांडेंट मनमोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी रविवार की सुबह करीब 11 बजे बिटिया के गांव पहुंचे। सीआरपीएफ के अधिकारियों ने पुलिस व पीएसी से सुरक्षा व्यवस्था का चार्ज लिया। इसके बाद सीआरपीएफ के अधिकारियों ने गांव में भ्रमण कर गांव की भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया। बिटिया के घर की छत पर जाकर भी पूरी स्थिति का अवलोकन किया।
इसके बाद घर के मुख्य द्वार से लेकर छत तक पर सीआरपीएफ के जवानों को मुस्तैद कर दिया गया। सीआरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि 80 जवानों की कंपनी आई है। 20-20 जवान तीन शिफ्टों में 24 घंटे बिटिया के परिवार की सुरक्षा में तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि अगर परिवार के सदस्य कहीं बाहर जाना चाहेंगे तो उन्हें सीआरपीएफ के जवानों की सुरक्षा के साथ ले जाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां सुरक्षा व्यवस्था का चार्ज लेने के बाद इसकी पूरी रिपोर्ट भी उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।
परिजन बोले, सुरक्षा को लेकर संतुष्ट हैं
हाथरस। सीआरपीएफ द्वारा सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने के बाद बिटिया के परिजन बोले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब वह संतुष्ट हैं। अब हमें इंसाफ चाहिए।
पुलिसकर्मी व पीएसी के जवान हुए रवाना
हाथरस। सीआरपीएफ द्वारा बिटिया के गांव में सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालने के बाद वहां तैनात पीएसी व पुलिस के जवानों को रवाना कर दिया गया है। सीआरपीएफ के जवानों ने घर के पूरे परिसर को अपने कब्जे में ले लिया। पीएसी ने अपने टेंट, तंबू को उखाड़ना शुरू कर दिया है। पीएसी के जवान अपने सारे सामान को गाड़ियों में लादकर ले जाते दिखाई दिए।