न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सादाबाद के विधायक और पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखकर पंचायत चुनाव को लेकर होेेनी वाली मतगणना को स्थगित करने की मांग की है।
उन्होंने कहा है कि देश और प्रदेश में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में कई प्रत्याशी या उनके परिजन कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उनकी मौत भी हो गई हैं। सरकारी कर्मचारी भी लगातार कोरोना की चपेट में आ रहे हैं।
उन्होंने कहा है कि मतगणना के दिन मतगणना केंद्रों पर काफी भीड़ रहेगी। इस चुनाव में बीडीसी सदस्य, प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य से लेकर जिला पंचायत सदस्य तक के उम्मीदवार खड़े हैं। ऐसे में मतगणना केंद्रों पर भीड़ नहीं रुकेगी और वहां सामाजिक दूरी का पालन भी नहीं हो सकेगा। एक-एक टेबल पर रिजल्ट जानने के लिए लोग व्याकुल होंगे और वहां धक्का-मुक्की जैसी स्थिति ही बनेगी। उपाध्याय ने कहा है कि जब तक कोरोना संक्रमण से स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक मतगणना को स्थगित कर देना चाहिए।