हाथरस: शिक्षक भर्ती के लिए अपने नाम सूची में देखते अभ्यर्थी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बेसिक शिक्षा विभाग में होने वाली 69 हजार शिक्षक भर्ती पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। कोर्ट के आदेश पर शासन ने अग्रिम आदेशों तक भर्ती प्रक्रिया की काउंसिलिंग स्थगित कर दी है। इसकी जानकारी आवेदकों को हुई तो वह काफी मायूस हुए और काउंसिलिंग सेंटर से निराश लौट गए।
बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग में 69 हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए काउंसिलिंग शुरू हुई। बागला इंटर कॉलेज में बनाए गए काउंसिलिंग सेंटर पर दूर-दराज के जनपदों से आए आवेदकों की भीड़ लग गई। नियमानुसार सुबह 10 बजे से महिला आवेदकों की काउंसिलिंग शुरू भी हो गई, लेकिन दोपहर को अचानक से काउंसिलिंग स्थगित होने की खबर आई तो यहां पर आए आवेदक मायूस हो गए। छह जून तक चलने वाली काउंसिलिंग में 680 आवेदकों को शामिल होना था।
69 हजार शिक्षकों की भर्ती की काउंसिलिंग प्रक्रिया पर कोर्ट के आदेशानुसार अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई गई है। आगे जैसा भी शासन का आदेश होगा, उसके आधार पर शिक्षक भर्ती की काउंसिलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
-मनोज कुमार मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हाथरस।