न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में अभी तक 45 वर्ष से कम आयु के लोगों का टीकाकरण शुरू नहीं हुआ है। इससे कुछ लोग रोजाना निराश होकर टीकाकरण केंद्रों से लौट रहे हैं।
एक तरफ तो जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को कोरोना का टीका लगवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ पिछले कई दिनों से 18 वर्ष से अधिक और 45 वर्ष से कम वाले लोग कोरोना का टीका लगवाने के लिए शहर के दोनों टीकाकरण केंद्रों पर चक्कर काट रहे हैं, फिर भी उनको कोरोना का टीका नहीं लगाया जा रहा है, जबकि एक मई से इन सभी को कोरोना का टीका लगवाने की शुरुआत करने की बात शासन ने कही थी।
किला गेट निवासी सचिन शर्मा ने बताया कि 29 अप्रैल को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन तो करा दिया, लेकिन अभी तक कोरोना का टीका नहीं लगा है। अस्पताल टीका लगवाने गए तो यह कहकर लौटा दिया गया कि अभी आपको टीका नहीं लगाया जा सकता है। रमनपुर निवासी अभिषेक शर्मा ने बताया कि कई दिन पहले कोरोना का टीका लगवाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन तो हो चुका है, लेकिन अभी टीका लगाया ही नहीं जा रहा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह का कहना है कि अभी 45 वर्ष से कम उम्र वालों को टीका लगाए जाने के लिए हमारे जिले में आदेश नहीं आया है। आदेश का इंतजार है। आते ही टीकाकरण शुरू करा दिया जाएगा।