सासनी: चार जमातियों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि होने के बाद सासनी मे मुआयना करते डीएम और अन?
- फोटो : SASNI
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सासनी के केएल जैन इंटर कॉलेज में रोके गए जमातियों में से चार की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इन्हें मुरसान सीएचसी पर दाखिल करा दिया गया है। इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को अब कोविड-1 हॉस्पिटल में तब्दील कर दिया गया है। इन संक्रमित रोगियों के दाखिल होने के बाद वहां पुलिसकर्मी भी तैनात कर दिए गए हैं। चिकित्सकों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। वहीं डीएम का कहना है कि यह चारों जमाती कोरोना संक्रमित हैं। इनकी अगली जांच दो-तीन दिन बाद कराई जाएगी। 24 लोगों में से यह चारों ही संक्रमित पाए गए हैं। शेष की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जिले में पश्चिमी बंगाल और झारखंड के आठ लोग सासनी के बिजलीघर स्थित मस्जिद में पुलिस को मिले थे। इनके साथ मथुरा, अलीगढ़ व हाथरस के सात लोग और थे। इन सभी को सासनी के केएल जैन इंटर कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर में रोका गया था। इसी दौरान शहर के लाला के नगला में भी पुलिस को 11 जमाती मिले थे। यह ग्यारह जमाती आजमगढ़ के रहने वाले थे। हालांकि शुरू में पूछने पर इन्होंने यही बताया था कि दिल्ली से तो आ रहे हैं, लेकिन मरकज में शामिल नहीं हुए हैं। फिर भी इन सभी को क्वारंटीन किया गया था और सभी के सेंपल जांच के लिए भेजे गए थे। अब तक 24 भेजे गए नमूनों में से चार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इस मामले में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार का कहना है कि यह चारों कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। गाइडलाइन के अनुसार आगे भी इनकी जांच अगले दो तीन दिन में कराई जाएगी। वहीं सीएमओ का कहना है कि फिलहाल इन्हें मुरसान के कोविड-1 हॉस्पिटल में रखा गया है। अगर इनका स्वास्थ्य और ज्यादा खराब हुआ तो इन्हें अलीगढ़ भेज दिया जाएगा। गाइडलाइन के हिसाब से उपचार कराया जा रहा है।