न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में मेडिकल कॉलेज के भूमि चिह्नित किए जाने के साथ ही एक नया पेच सामने आ गया है। गाइडलाइन के अनुसार जिले में संचालित जिला अस्पताल में 300 बेड की अनिवार्यता सामने आई हैं। अब जिला प्रशासन शासन के निर्देशों के इंतजार में हैं। जिला अस्पताल में बेड की संख्या में इजाफा किए जाने के आदेश मिलने के साथ ही मेडिकल कॉलेज के भूमि के चिह्निकरण सहित तमाम प्रक्रिया पूरी हो सकेंगी।
उल्लेखनीय हैं कि जिले में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण होना है। शासन से निर्देश मिलते ही जिला प्रशासन की ओर से भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। यहां जिला प्रशासन ने कई जगहों के प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे। शासन ने यह भी निर्देश जारी किए थे कि जिला अस्पताल से 10 किमी की परिधि में ही मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि को चिह्नित किया जाए। इस निर्देश के क्रम में 2-3 भूमि के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे गए हैं। भूमि के प्रस्ताव के जाते ही यहां के बाशिंदों को मेडिकल कॉलेज के जल्द निर्माण की आस लग गई थी।
अब मेडिकल कॉलेज के निर्माण में नया पेच सामने आ गया है। शासन की जारी गाइडलाइन के अनुसार जिला अस्पताल में 300 बेड की अनिवार्यता की गई है। इस अनिवार्यता के आने के बाद से भूमि का निर्धारण भी अधर में लटक गया है। अब जिला प्रशासन ने यहां जिला अस्पताल में वर्तमान में बेड की उपलब्धता संबंधी अपनी आख्या शासन को भेज दी है। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि शासन स्तर से जिला अस्पताल में बेड की संख्या में इजाफा किया जाएगा। इसके बाद ही मेडिकल कॉलेज निर्माण की भूमि के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो सकेगा। जिला प्रशासन मेडिकल कॉलेज निर्माण के संबंध में शासन स्तर से संपर्क में बना हुआ है।
- शासन स्तर से गाइडलाइन में जिला अस्पताल में 300 बेड उपलब्धता को दर्शाया गया है। जिला अस्पताल में बेड की संख्या में इजाफा हो सकता है। इसके बाद ही भूमि निर्धारण सहित अन्य प्रक्रिया पूरी हो सकेंगी। - प्रवीण कुमार लक्षकार, डीएम