हाथरस: किला परिसर में चुंगी की जमीन से कब्जा हटवाने के दौरान मौजूद अधिकारी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
स्थानीय किला खाई के पास नगरपालिका परिषद की चुंगी की भूमि पर अवैध कब्जे को राजस्व विभाग की टीम व नगर पालिका टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर ध्वस्त करा दिया। 2013 में अनुबंध समाप्त होने के बावजूद इस पर कब्जा चल रहा था। एसडीएम सदर प्रेमप्रकाश मीणा की निगरानी में इस कब्जे को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई।
नगर पालिका परिषद द्वारा चुंगी में दर्ज जमीन लोगों को निर्धारित समयावधि के लिए आवंटित की गई थी। लेकिन, समयावधि समाप्त होने के बाद भी जमीनों को खाली नहीं किया जा रहा था। इस मामले में कब्जाधारियों को नगर पालिका परिषद की ओर से नोटिस भी जारी किए गए थे। इन नोटिस का जवाब न देने और कब्जा खाली न करने पर अब राजस्व विभाग व नगर पालिका परिषद की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बृहस्पतिवार को एसडीएम सदर के निर्देशन पर किला खाई के पास चुंगी की जमीन पर अवैध कब्जे को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया गया। अनुबंध समाप्त होने के बाद सात साल से यह कब्जा था। एसडीएम सदर ने बताया कि सभी कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। अगले दो सप्ताह में सभी चुंगियों को कब्जा मुक्त करा दिया जाएगा।