न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा कथित शिक्षक भर्ती एवं पशुपालन घोटाले के विरोध में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पार्क अलीगढ़ रोड पर धरना देकर उपवास किया। पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि एवं कानपुर के बाल संरक्षण गृह में हुई घटना के विरोध में कांग्रेसियों ने बैलगाड़ी पर सवार होकर जुलूस भी निकाला।
तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेसी सुबह यहां अलीगढ़ रोड स्थित गांधी पार्क पर एकत्रित हुए और वहां शिक्षक भर्ती घोटाला, पशुपालन घोटाला, पेट्रोल-डीजल के मूल्य में बढ़ोत्तरी के अलावा कानपुर में हुई घटना के विरोध में धरना देकर उपवास किया। तदुपरांत कांग्रेसी बैलगाड़ी पर सवार होकर यहीं से सासनी गेट चौराहे तक पहुंचे। इनके हाथों में केंद्र व प्रदेश सरकार के विरोध में इन घटनाओं को लेकर तख्तियां भी लगी थीं।
इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा अच्छे दिन लाने का वादा कर कर देश की तस्वीर बदलने का कहकर आज देश की सरकार ने वो काम कर दिया है, जो देश के इतिहास में कभी नहीं हुआ। डीजल के रेट पेट्रोल के रेट से ज्यादा हो गए। कानपुर की घटना बेहद शर्मनाक है। शहर अध्यक्ष विनोद कुमार कर्दम ने कहा कि कच्चे तेल का मूल्य आज जमीन छू रहा है तो वहीं सरकार पेट्रोल डीजल के मूल्यों को काफी बढ़ रहे हैं। जब तक सरकार पेट्रोल-डीजल के बढ़े हुए मूल्यों को वापस नहीं लेगी, तब तक कांग्रेस पार्टी देश के हित में विरोध प्रदर्शन करती रहेगी।
इस मौके पर जयशंकर पाराशर, कृष्णा गुप्ता, आरके राजू, बीना गुप्ता, अनुज कुमार संत, शशीकांत शर्मा, अविनाश पचौरी, पंडित ऋषि कुमार कौशिक, जैनुद्दीन जैन, धीरज दीक्षित, अनुज शर्मा, सत्य प्रकाश शर्मा, विजय कुमार चौहान, गोविंद शरण चतुर्वेदी, काजल चौधरी, संजय कप्तान, वली मोहम्मद, उदल सिंह, कपिल नरूला आदि थे।