न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उत्तर प्रदेश पंचायतराज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) व जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में पंचायतराज विभाग में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटरों पर निजी स्वार्थ के चलते वेतन वृद्धि को रोकने का आरोप लगाया है। सफाई कर्मचारी पटल को देख रहे कर्मी एवं लेखाकार को हटाने की मांग की गई।
ज्ञापन में संघ के जिलाध्यक्ष बद्रीलाल चौहान ने कहा है कि प्रति माह कर्मियों का वेतन आहरित कराने की तिथि निर्धारित की जाए। जिन कर्मचारियों की वेतन वृद्धि रुकी हुई है, उसको तत्काल प्रभाव से लगवाया जाए। सभी कर्मचारियों के एरियर का भुगतान जल्द कराया जाए। सातवां वेतन भी लगवाया जाए। 195 कर्मचारियों के बाद बाकी कर्मचारियों का एसीपी लगवाया जाए। सभी कर्मचारियों की एनपीएस खाते की पासबुक बनवाई जाए। ज्ञापन में कहा गया है कि कंप्यूटर लिपिक द्वारा निजी स्वार्थ के लिए वेत
न वृद्धि मात्र कंप्यूटर में रोक दी गई है, जबकि कर्मचारी पत्रावली में कोई वेतन वृद्धि नहीं रोकी गई है। सफाई कर्मचारी के पटल को देख रहे लेखाकार बाबू को तत्काल हटाया जाए, क्योंकि 27 वर्षों से एक ही जनपद में व एक ही पटल पर जमे हुए हैं, जो कि शासनादेश के विरुद्ध है।
उन्होंने कहा कि किसी भी
कार्रवाई से पूर्व कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर उसका पक्ष भी सुना जाए। जिन कर्मचारियों की मेडिकल फाइल जमा है, उसके चिकित्सा दावों का शीघ्र भुगतान कराया जाए। जिन कर्मचारियों का नो वर्क-नो पे के सिद्धांत को अपनाते हुए वेतन रोका गया है, उनको शीघ्र दिलाया जाए।
जिन कर्मचारियों को मूल वेतन पर कर रखा है, उनको पूर्ण वेतन कराया जाए। जिन कर्मचारियों को शासनादेश से विपरीत गौशाला में कार्य दिया जा रहा है,उनको तत्काल हटाया जाए। जिन कर्मचारियों की मृत्यु हो चुकी है, उनके परिवार को सभी दावों का जल्द से जल्द भुगतान कराया जाए। जिस प्रकार से समस्त कर्मचारियों के उपस्थिति प्रमाण पत्र ब्लॉकों से आते हैं, उसी प्रकार वेतन आहरित की पे स्लिप ब्लॉक वाइज प्रतिमाह भेजी जाए। संघ ने कहा है कि इन मांगों को पूरा न करने की दशा में आंदोलन किया जाएगा। संवाद