न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय ने पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में रविवार को सभी पुलिस अधिकारियों के साथ जिले में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने व अपराध नियंत्रण के मद्देनजर बैठक की। एसपी ने अधीनस्थों को जुआ, सट्टा और अवैध शराब की बिक्री पूरी तरह बंद कराने के निर्देश दिए।
एसपी ने सभी प्रभारी निरीक्षकों को निर्देशित किया कि थानों का रिकॉर्ड समय से अपडेट किया जाए और दिन और रात्रि के समय अधिकारी समय-समय पर हवालात का निरीक्षण करें। थानों पर अनावश्यक रूप से किसी को न बैठाया जाए। थाने पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को शालीनतापूर्वक सुनकर निष्पक्ष आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। एसपी ने अवैध जुआ, सट्टा, अवैध व मिलावटी शराब का क्रय-विक्रय पूरी तरह से बंद कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की चेकिंग, सक्रिय अपराधियों, टॉप-10 अपराधियों, खनन माफिया, शराब माफिया पर लगातार सतर्क दृष्टि रखते हुए उनके क्रियाकलापों की निगरानी करें। उन्होंने अज्ञात में दर्ज अभियोगों का खुलासा करने और एसआर केस के वांछित अपराधियों, वांछित व पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शत प्रतिशत गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। एएसपी प्रकाश कुमार के अलावा सभी क्षेत्राधिकारी व कोतवाली प्रभारी मौजूद थे। संवाद
सैनिक सम्मेलन में सुनीं पुलिसकर्मियों की समस्याएं
हाथरस। पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय ने पुलिस लाइन में सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत व विभागीय समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुनकर इनका निस्तारण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। संवाद