हाथरस : एक तरफ जिले में सड़क सुरक्षा माह चल रहा है तो वहीं काफी वाहन बिना लाइट सड़क पर दौड़ रहे हैं।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शीतलहर के साथ इन-दिनों घना कोहरा भी पड़ रहा है। वर्तमान में सड़क सुरक्षा माह भी मनाया जा रहा है, लेकिन कई वाहनों की स्थिति देखकर लगता है कि उन्हें हादसे का कतई डर नहीं है। कई वाहन तो बिना किसी लाइट और रिफलेक्टर के ही दौड़ रहे हैं। घने कोहरे में यह वाहन गंभीर हादसे का सबब बन सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि शासन स्तर से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है, लेकिन कई वाहन यातायात के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सड़कों पर दौड़ रहे हैं। जिले में ट्रैक्टर, ई रिक्शा आदि वाहन बिना लाइट के गंतव्य की दूरी तय कर रहे हैं। इन वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप तक नहीं है। काफी माल वाहक वाहन सवारियों को भी ढो रहे हैं और इन्हें भी नियम कानूनों की कोई परवाह नहीं है। संवाद