हाथरस : संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें सुनतीं जिलाधिकारी अर्चना वर्मा। संवाद
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
तहसील सदर में उप जिलाधिकारी सदर राजकुमार सिंह यादव की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर 30 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। इनके निस्तारण के लिए उप जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि सभी शिकायतों को पोर्टल पर अपलोड करते हुए निर्धारित समयावधि में इनका निस्तारण किया जाए। विवादित मामलों में स्थलीय निरीक्षण किया जाए। इस दौरान दोनों पक्षकारों को बुलाकर मामले का निस्तारण किया जाए।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर संबंधित विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस दौरान कई ऐसे शिकायतकर्ता मिले, जो अपनी शिकायतों के निस्तारण के लिए कई बार समाधान दिवस में चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन आज तक उनका इंतजार खत्म नहीं हुआ। संवाद
मोहल्ले के कुछ लोगों ने पिछले दिनों खेत पर सोते समय मुझ पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। अब वही लोग मुझ पर राजीनामा करने के लिए दबाव बना रहे हैं। यही लोग मुझे षडयंत्र में फंसाने में भी लगे हैं।
-ईश्वरी प्रसाद, मेंडू
रमनुपर-जोगिया मार्ग पर प्रभात स्कूल के बराबर की गली टूटी पड़ी है। इस सड़क का निर्माण न होने के कारण आने-जाने में परेशानी होती है। कई बार शिकायत दी है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य नहीं हो सका है।
-कृष्ण प्रकाश मिश्रा, रमनपुर