न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
तहसील सासनी क्षेत्र के अष्टलक्ष्मी एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड चावल मिल से 24 हजार बोरे चावल की बरामदगी के मामले की जांच के लिए जिलाधिकारी (डीएम) ने तीन सदस्यीय कमेटी बनाई है। कमेटी ने जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच के लिए कमेटी ने बिजली विभाग, उद्योग विभाग, वाणिज्य कर, मंडी समिति सहित अन्य विभागों से चावल मिल से संबंधित दस्तावेज तलब किए हैं। इस आधार पर जांच की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों सासनी क्षेत्र के अष्टलक्ष्मी एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड चावल मिल से 24 हजार बोरे चावल बरामद किए गए थे। इस चावल को सरकारी राशन का बताया जा रहा है। इस आधार पर प्रशासन की टीम ने चावल मिल को सीज करने की कार्रवाई की थी।
वहीं आपूर्ति विभाग ने पूरे प्रकरण में चावल मिल संचालक के खिलाफ कालाबाजारी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। अब इस मामले में डीएम रमेश रंजन ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। डीएम ने इस जांचकमेटी में एडीएम राजस्व व वित्त बसंत अग्रवाल, एसडीएम सासनी अंजली गंगवार व डीएसओ ध्रुवराज यादव को नामित किया है। अब मिल के बारे में पहलुओं से जांच शुरू हो गई है।
जांच कमेटी ने विद्युत विभाग, वाणिज्य कर विभाग, उद्योग विभाग व मंडी समिति सहित अन्य संबंधित विभागों को मिल से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं। इन दस्तावेजों के आने बाद अग्रिम जांच शुरू हो सकेगी। डीएसओ ध्रुवराज यादव ने बताया कि दस्तावेजों के आधार पर जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संवाद