न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जनपद न्यायाधीश मृदुला कुमार के निर्देशानुसार 13 अगस्त को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में किया जाएगा। जिसमें अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के लिए अपर जनपद न्यायाधीश, नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय लोक अदालत अजय कुमार प्रथम की अध्यक्षता में एक बैठक प्रशासनिक अधिकारियों एवं बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ हुई।
बैठक में अपर जनपद न्यायाधीश, नोडल अधिकारी अजय कुमार प्रथम ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों व बैंक अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत में राजस्व, स्टांप, फौजदारी एवं बैंकों के मामलों को अधिक से अधिक निस्तारण करने के संबंध में निर्देश दिए। सिविल जज (व.प्र.)/प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुन्नालाल ने बैठक में उपस्थित सभी प्रशासनिक अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत में अपना पूर्ण सहयोग करने एवं अधिवक्ताओं से सामंजस्य स्थापित करते हुए अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के संबंध में सभी आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा की।
बैठक में एडीएम बसंत अग्रवाल, उप जिलाधिकारी, हाथरस राज कुमार यादव, एसडीएम सिकंदराराऊ अंकुर वर्मा, तहसीलदार, हाथरस, नीरज वार्ष्णेय, तहसीलदार सिकंदराराऊ सुशील कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सरिता सिंह, सहायक आयुक्त स्टांप रामऔतार, यातायात पुलिस की ओर से उ.नि. अखिलेश एवं बैंक की ओर से एलडीएम दिलीप सिंह कपूर आदि मौजूद थे। संवाद