न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
संयुक्त उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल व अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले बैठक हुई। इस मौके पर जीएसटी पंजीकरण को लेकर व्यापारियों व अधिकारियों के बीच चर्चा हुई। अध्यक्षता अशोक बागला ने की।
बैठक में जीएसटी के उपायुक्त सुनील कुमार ने कहा कि जीएसटी पंजीकरण लेने से व्यापारियों को कई लाभ हैं। पंजीकरण लेने के बाद व्यापारी खुलकर व्यापार कर सकता है। उसे अपने व्यापार को सुगमता से चलाने में मदद मिलती है। यदि किसी व्यापारी को दिया हुआ अन्य व्यापारी का कोई चेक बाउंस हो जाता है तो विभाग को सूचित करने पर उस व्यापारी की आईटीसी विभाग द्वारा रोक दी जाती है।
उन्होंने बताया कि जीएसटी से संबंधित कोई भी सहायता के लिए हेल्प डेस्क नंबर 7235002274 पर संपर्क करें। अखिल भारतीय व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री योगा पंडित और संयुक्त उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक राजीव वार्ष्णेय ने कहा कि प्रमाण पत्र लेने के लिए पैन कार्ड ,आधार कार्ड, व्यापार स्थल संबंधित साक्ष्य और बैंक के दस्तावेज लेकर यदि कोई व्यापारी जीएसटी कार्यालय में जाता है तो उसका तत्काल पंजीकरण कराया जाएगा।
इस मौके पर कपिल अग्रवाल, पदम अग्रवाल, मदन गोपाल, सीटीओ श्यामवीर सिंह, राकेश कुमार अग्रवाल, दिनेश कुमार अग्रवाल, राजेंद्रनाथ चतुर्वेदी, मदन गोपाल वार्ष्णेय, कपिल शर्मा एडवोकेट, लोकेश वार्ष्णेय, रविंद्र अग्रवाल, माधव शर्मा, मनमोहन वार्ष्णेय आदि थे। संवाद