न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जलेसर रोड स्थित गांव तिपरस में खेलते वक्त एक बच्चा छत से गिर गया। परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। परिजन रोते-बिलखते हुए वहां से शव को लेकर चले गए।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव तिपरस निवासी मोतीलाल का छह साल का बेटा गौरव घर की छत पर खेल रहा था। इस बीच वह अचानक से छत से नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोट लग गई। यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए और फिर बच्चे को आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
यहां पर डॉक्टर ने बच्चे के स्वास्थ्य की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने पर परिवार में मातम छा गया और फिर परिजन शव को लेकर चले गए। संवाद