हाथरस: गांव रामपुर में निरीक्षण करते नोडल अधिकारी और सदस्य राजस्व परिषद।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जनपद के नोडल अधिकारी रजनीश गुप्ता सदस्य राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश ने बृहस्पतिवार को कस्बा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एमओआईसी डॉ. एसपी सिंह से कोरोना संक्रमित मरीजों को लाने, ले जाने, उपचार एवं अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
डॉ. एसपी सिंह ने उन्हें बताया कि संक्रमित मरीजों को एंबुलेंस से लाया जाता है। यहां उनका सैंपल लिया जाता है। अगर रिपोर्ट पॉजिटिव पाई जाती है तो उसे मुरसान स्थित कोविड-एल वन अस्पताल में भर्ती कराया जाता है। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का भी जायजा लिया। भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए उन्होंने एक्सईएन पीडब्ल्यूडी से भवन की जांच कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जांच के बाद अगर भवन अस्पताल चलाने की स्थित में न हो तो नए भवन के लिए एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजे। नोडल अधिकारी ने एमओआईसी को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों की थर्मल स्क्रीनिंग एवं मरीजों को सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए जागरूक करें। मौके पर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार, सीडीओ आरबी भास्कर, सीएमओ डॉ. बृजेश राठौर, पीडी अश्वनी कुमार मिश्र, डीपीआरओ बनवारी लाल, एसडीएम रामजी मिश्र, तहसीलदार निधि भारद्वाज आदि मौजूद थे।