पीएम आवास योजना के तहत आवास दिलाने के नाम पर की लाखों की ठगी
ठगी के शिकार ग्रामीणोें ने एएसपी से की शिकायत, एएसपी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। चंदपा क्षेत्र के गांव मीतई में एक व्यक्ति द्वारा कुछ ग्रामीणों से प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर लाखों की ठगी कर ली। यह लोग एसपी ऑफिस में अपर पुलिस अधीक्षक के पास गए। एएसपी ने इस सिलसिले में चंदपा थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गांव मीतई के कालीचरन, होरीलाल, भजनलाल, रूपराम, धर्मेंद्र, भूरी सिंह बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक से मिले। इन लोगों का कहना था कि गांव के एक व्यक्ति ने चार साल पहले उनसे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलवाने के नाम पर बीस-बीस हजार रुपये ले लिए थे। इस दौरान उक्त व्यक्ति से जब आवास के बारे में पूछा गया तो वह टालमटोल करता रहा।
शिकायतकर्ताओं का कहना था कि इसकी शिकायत थाना चंदपा भी की गई लेकिन वहां भी पुलिस ने सुनवाई नहीं की। 21 जनवरी को उससे जब पैसे मांगे गए तो उसने गाली-गलौज की और मारपीट कर आमादा हो गया। इन सभी लोगों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं इसी गांव के महेशचंद शर्मा ने इसी व्यक्ति पर ईंटों के नाम पर 80 हजार रुपये ठगने का आरोप अपर पुलिस अधीक्षक के समक्ष लगाया और शिकायती पत्र दिया। एएसपी का कहना है कि उन्होंने चंदपा कोतवाली पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।