न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर कस्बा निवासी एक महिला से करीब दस लाख रुपये की ठगी हो गई। रविवार को इस मामले की शिकायत पीड़ित महिला के पति ने कोतवाली पर पुलिस से की।
पीड़ित व्यक्ति मुनेश कुमार ने बताया कि कुंडा प्रतापगढ़ के एक व्यक्ति द्वारा उसे उसकी पत्नी को एक सरकारी कंपनी में हाथरस जिले में जिला समन्वयक बनाने का झांसा दिया गया था। रुपये लेने के बाद उसे एक ज्वाइनिंग लेटर भी दिया गया, जब उसने इस ज्वाइनिंग लेटर को लेकर जानकारी की तो पता चला कि इस तरह की न तो कोई कंपनी है और न कोई पद है।
मुनेश ने बताया कि उक्त व्यक्ति द्वारा नौकरी दिलाने के बहाने उससे बैंक खातों में करीब 10 लाख रुपये डलवा कर ठगी कर ली गई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद