मारपीट कर शिक्षक से मांगी चौथ, जान से मारने की धमकी
सादाबाद गेट चूना वाला डंडा पर पांच नामजदों ने शिक्षक को घेरा
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों को दबोचा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के सादाबाद गेट चूना वाला डंडा पर पांच नामजदों ने शिक्षक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने शिक्षक से न केवल एक लाख रुपये की चौथ मांगी, बल्कि पैसा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों को दबोच लिया।
जलेसर रोड के गांव इमलिया नगला निवासी शिक्षक अमित पौरुष पुत्र प्रेमपाल पौरुष अब कोतवाली सदर क्षेत्र की अक्रूर कॉलोनी में रहते हैं। अमित पौरुष प्राथमिक विद्यालय परसारा में शिक्षक हैं। शुक्रवार की सुबह अमित बाइक पर सवार होकर अपने स्कूल गांव परसारा जा रहे थे। आरोप है कि इस बीच सादाबाद गेट स्थित चूना वाला डंडा के निकट गंगचौली निवासी भूपेंद्र सिंह पुत्र महेंद्रपाल सिंह, मोहित सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह, अतुल सिंह पुत्र कर्मवीर सिंह, अभिरल पुत्र मुकेशपाल सिंह और सुनील कुमार सिंह पुत्र गजेंद्र पाल ने शिक्षक की बाइक के सामने बाइक लगाकर उसके साथ अभद्रता करने लगे।
शिक्षक के साथ मारपीट भी की गई। आरोप है कि वह शिक्षक को धमकाते हुए एक लाख रुपये की चौथ मांगने लगे। नहीं देने पर हाथरस में नहीं रहने देने की धमकी दी गई। मौके पर पुलिस पहुंच गई। सभी आरोपियों को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। शिक्षक अमित पौरुष की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें जान से मारने की धमकी देते हुए एक लाख रुपये की चौथ मांगने का आरोप लगाया गया है। कोतवाल प्रवेश राणा ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।