हाथरस : तालाब चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के तालाब चौराहा पर ओवरब्रिज के निर्माण में सीसीटीवी कैमरे बाधा खड़ी कर रहे हैं। इसे लेकर कार्यदायी संस्था के कर्मी परेशान हैं। पूर्व में सीसीटीवी कैमरों को हटाने के लिए रेलवे के अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात की थी।
उल्लेखनीय है कि शहरवासियों को जाम के झाम से राहत दिलाने के लिए शहर के तालाब चौराहा पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। नए वर्ष में ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने की उम्मीद भी है। इन-दिनों रेलवे क्रॉसिंग के बीच 57 मीटर के गार्डर को रखे जाने के लिए सहयोगी पिलरों का निर्माण किया जा रहा है।
गार्डरों को वेल्डिंग के जरिये आपस में जोड़ा जा रहा है, लेकिन रेलवे क्रॉसिंग पर लोगों की सुरक्षा के लिए लगे सीसीटीवी कैमरे का खंभा इसमें अड़चन पैदा कर रहा है। सीसीटीवी कैमरों को हटाने के लिए पूर्व में रेलवे की निर्माण इकाई के अधिकारियों ने एसपी से मुलाकात की थी और सीसीटीवी कैमरों को हटाने का अनुरोध किया था, लेकिन आज तक सीसीटीवी कैमरे नहीं हट सके हैं। इस कारण कार्यदायी संस्था को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।