हाथरस: बिटिया के गांव में तैनात सीआरपीएफ के जवान।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिटिया के मामले में सीबीआई की पूछताछ और छानबीन जारी है। सीबीआई ने अपने शिविर कार्यालय पर एक युवक को बुलाकर काफी देर तक पूछताछ की। वहीं बिटिया के घर पर भी सीआरपीएफ की तैनाती रही।
बिटिया के मामले में सीबीआई की एक टीम चारों आरोपियों का पॉलीग्राफी व अन्य टेस्ट कराने के लिए उन्हें अलीगढ़ जेल से गांधीनगर (गुजरात) ले गई है। यह चारों आरोपी अभी वहीं है। वहीं सीबीआई की एक टीम ने फिर यहां पूछताछ शुरू कर दी है। बिटिया के गांव के निकट के एक गांव के युवक को सीबीआई की टीम ने अपने शिविर कार्यालय पर बुलाया और उससे पूछताछ की।
टीम उन लोगों से पूछताछ कर रही है, जोकि इस घटना के बाद आरोपियों के संपर्क में आए थे या फिर पुलिस के साथ दबिश में भी शामिल रहे थे। टीम कुछ और लोगों से भी पूछताछ कर सकती है। इनका पूरा ब्योरा जुटा रही है। वहीं बिटिया के घर पर सीआरपीएफ की टुकड़ी तैनात रही। इधर, बिटिया का भाई शनिवार को सीआरपीएफ की सुरक्षा में ही चंदपा की एक आईटीआई में परीक्षा देने के लिए जाएगा।